नई दिल्ली. देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून ने दस्तक दे दिया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी ताजा रिपोर्ट (26 जून) में कहा है कि गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों के दौरान मॉनसून आगे बढ़ेगा। आईएमडी के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान के आसार बन रहे हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। आईएमडी ने कहा है कि ओडिशा में 26 जून को, असम और मेघालय में 28 ऍर 29 जून को और अरुणाचल प्रदेश में 29 जून को मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि राजस्थान में 26 से लेकर 29 जून तक भारी बारिश की संभावना है। इसी दौरान उत्तराखंड में भी भारी बारिश के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी आज बारिश का पूर्वानुमान है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे में मूसलाधार बारिश की संभावना है।
आईएमडी ने कहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना बन रही है। केरल में भी 26 से 29 जून तक बादल बर सकते हैं।
