ओरल हाइजीन के लिए अक्सर लोग ब्रश करने को जरूरी समझते हैं। लेकिन ब्रश करने के साथ ही जीभ की सफाई भी जरूरी है क्योंकि जीभ हमारे बॉडी पार्ट्स का अहम हिस्सा है। ये केवल बोलने के काम नहीं आता बल्कि जीभ की मदद से हम हर खाने-पीने वाली चीज का टेस्ट लेते हैं। जीभ पर जमा गंदगी कई बार मुंह की बदबू का कारण होती है। तो अगर आप भी ब्रश करने के बाद जीभ की सफाई भूल जाते हैं तो जान लें। इससे होने वाले सेहत को नुकसान और क्यों जरूरी है जीभ की सफाई।
आखिर क्यों जरूरी है रोजाना जीभ की सफाई
टेस्ट बड्स करते हैं काम
अगर आप रोजाना जीभ की सफाई नहीं करते हैं तो इससे जीभ पर बने टेस्ट बड्स ब्लॉक होने लगते हैं। जिसकी वजह से धीरे-धीरे आपको कम टेस्ट का अनुभव होगा। जीभ की नियम से की गई सफाई से बैक्टीरिया नहीं जमने पाते हैं।
मुंह की बदबू से छुटकारा
मुंह की बदबू ब्रश करने के बाद भी नहीं जा रही है। तो इसका कारण गंदी जीभ हो सकती है। जिसकी वजह से मुंह में बैक्टीरिया रह जाते हैं। रोजाना जीभ की सफाई करने से सांसों की बदबू दूर होती है और साथ ही ओरल हेल्थ बनी रहती है। स्टडी के मुताबिक सांसों से आने वाली बदबू का 50 प्रतिशत कारण जीभ पर जमा बैक्टीरिया की परत होती है। इसलिए दांतों की सफाई के साथ ही जीभ की सफाई भी जरूरी होती है।
शरीर की इम्यूनिटी को करता है मजबूत
रोजाना जीभ की सफाई ना करने से जमा बैक्टीरिया पेट में चले जाते हैं और कई तरह के इंफेक्शन शरीर में पैदा करते हैं। रोजाना जीभ की सफाई बैक्टीरिया को बाहर कर देती है। जिससे शरीर के अंदर टॉक्सिक पदार्थ नहीं जा पाते हैं और सेहत पर बुरा असर नहीं पड़ता है।
जीभ के रंग में बदलाव
अगर लंबे समय तक जीभ की सफाई को अनदेखा किया जाए। तो इससे जीभ पर सफेद रंग की परत जम जाती है जो थोड़े दिनों बाद दानेदार रूप ले लेती है। ये सफेद परत दिखने में बेहद खराब लगती है और मुंह की बदबू का कारण बनती है। जीभ की रंगत को सुधारने के लिए भी रोजाना सफाई जरूरी होती है।
जीभ साफ करने के लिए केवल टंग स्क्रैपर ही नहीं बल्कि कुछ घरेलू नुस्खों की मदद भी ली जा सकती है।
हेल्थ में सुधार
जीभ की रोजाना सफाई करने से डाइजेशन सही होता है। साथ ही दांतों में जर्म्स, कैविटी जैसी समस्या परेशान नहीं करती। अगर रोजाना जीभ की सफाई करने से मसूड़े भी हेल्दी रहते हैं।
हल्दी और नींबू
नींबू के छिलके पर चुटकीभर हल्दी छिड़क कर इसे जीभ पर रगड़ने से जमा सफेद परत दूर हो जाती है।
नमक का इस्तेमाल
जीभ की सफाई करने के लिए नमक का इस्तेमाल भी किया जाता है। ब्रश के साथ नमक रगड़ने से जीभ पर जमा कैविटी साफ हो जाती है और मुंह की बदबू दूर हो जाती है।
