वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अगुवाई में जीएसटी काउंसिल की 52वीं बैठक जारी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में काउंसिल ने अल्कोहलिक शराब के निर्माण के लिए आपूर्ति किए जाने पर एक्स्ट्रा-न्यूट्रल अल्कोहल (ईएनए) की छूट को मंजूरी दे दी है। अनाज आधारित और गुड़ आधारित ईएनए दोनों को जीएसटी से छूट दी जाएगी। हालांकि, अब तक आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी नहीं दी गई है लेकिन सीएनबीसी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया है।
– रिपोर्ट के मुताबिक जीएसटी काउंसिल बैठक में डेटा सेंटरों पर टैक्सेशन के लिए स्पष्टता दे सकती है। ऐसा कहा जा सकता है कि डेटा सेंटर सर्विसेज को निर्यात के रूप में माना जाए और विदेशी ग्राहकों के मामले में जीएसटी के अधीन नहीं किया जाए। जीएसटी काउंसिल के होल्डिंग/सहायक कंपनी और निदेशकों/प्रमोटरों द्वारा कॉर्पोरेट/बैंक गारंटी के प्रस्ताव पर सहमत होने की संभावना है।
गेमिंग कंपनियों के समर्थन में दिल्ली की वित्त मंत्री
बैठक से ठीक पहले दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को दिए गए 1.5 लाख करोड़ रुपये के टैक्स चोरी के नोटिस को समाप्त करने की मांग की। दिल्ली की वित्त मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग क्षेत्र 50,000 युवाओं के रोजगार का जरिया है और यह 17,000 करोड़ का विदेशी निवेश आकर्षित करता है, इसलिए जरूरी है कि इस उद्योग की रक्षा करने के लिए टैक्स चोरी से जुड़े नोटिस वापस लिए जाएं। आतिशी ने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग उद्योग पर 28 प्रतिशत कर सहित जीएसटी काउंसिल के पूर्व के फैसलों ने प्रतिकूल प्रभाव डाला है।
बता दें कि दो अगस्त को हुई बैठक में काउंसिल ने कसीनो, हॉर्स रेसिंग (घोड़ों की दौड़) और ऑनलाइन गेमिंग पर कर में स्पष्टता लाने के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून में संशोधन को मंजूरी दी थी।
