भिलाई। शनिवार की रात नेशनल हाईवे पर साक्षरता चौक के पास एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई, लेकिन शुक्र है कि किसी की जान नहीं गई। चरोदा से नागपुर जा रहे बजरंग वाहिनी दल के प्रदेशाध्यक्ष की टाटा सफारी कार को रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार पूरी तरह से घूमकर खड़ी हो गई। सवार युवक ने सीट बेल्ट बांधा हुआ था और कार के एयरबैग्स खुल गए। इस कारण से उनकी जान बाल बाल बच गई, लेकिन कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार को ठोकर मारने के बाद ट्रक ने एक यात्री बस को भी ठोकर मार दी, लेकिन बस कुछ दूर जाकर रुक गई। घटना के बाद आरोपित ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
