रायपुर। छत्तीसगढ़ के निजी मेडिकल कालेजों द्वारा अधिक फीस वसूली को लेकर प्रवेश व फीस विनियामक समिति ने अंतरिक फीस निर्धारित की है। इसके तहत तीन निजी मेडिकल कालेजों के एमबीबीएस व दो निजी मेडिकल कालेजों में संचालित स्नातकोत्तर (पीजी) सीटों के फीस तय कर दिए गए हैं। फीस वर्ष-2022 से 2025 तक के लिए लागू होंगे। अधिकारियों ने बताया कि श्री शंकराचार्य इंस्टिट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस भिलाई, रायपुर इंस्टिट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस भानसोज और श्रीबालाजी इंस्टिट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस मोवा के लिए हुए फीस निर्धारण में सबसे कम श्रीबालाजी में 7.55 लाख रुपये प्रति वर्ष फीस तय की गई है। जबकि श्रीशंकराचार्य में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए सबसे अधिक 7.88 लाख रुपये प्रति वर्ष देने होंगे। इसके साथ ही श्री शंकराचार्य और (रिम्स) मेडिकल कालेज में स्नातकोत्तर की क्लीनिक सीटों के लिए 9.31 से 9.98 लाख प्रति वर्ष छात्रों को देने होंगे।
