विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (INDIA) के घटक दलों जल्द ही अहम बैठक करने वाले हैं। पहले ये बैठक दिसंबर के पहले सप्ताह में होने वाली थी लेकिन अब इसे तीसरे सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। इस बीच अटकलें लगाई जा रही थीं कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शेड्यूल संबंधी मुद्दों के कारण बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया।
अब इन अटकलों पर विराम लगाते हुए ममता बनर्जी ने सफाई दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने स्पष्ट करते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस अनुकूल तारीख बताएगी तो विपक्षी नेता जल्द ही बैठक करेंगे। बुधवार को अपने निर्धारित उत्तर बंगाल दौरे पर रवाना होने से पहले ममता बनर्जी ने कहा, “मुझे पहले बताया ही नहीं गया था। कल से एक दिन पहले ही राहुल ने मुझे फोन किया था और बैठक के बारे में बताया था…जब भी वे तय करेंगे हम जल्द ही मिलेंगे।”
विभिन्न नेताओं के पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में जाने से पहले उनके समकक्षों को कम से कम सात या दस दिन पहले निमंत्रण देना चाहिए। उन्होंने कहा, “अन्य मुख्यमंत्रियों की भी बैठकें होती हैं। उन्हें कार्यक्रम के बारे में सात दिन पहले या 10 दिन पहले बताना होगा।”
हालांकि, गठबंधन के घटक दलों के संसदीय दल के नेता बुधवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होने वाली समन्वय बैठक में शामिल होंगे। खरगे के कार्यालय से संबद्ध और कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य गुरदीप सप्पल ने कहा कि अब छह दिसंबर की शाम छह खरगे के आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन के (घटक दलों) के संसदीय दल के नेताओं की ‘समन्वय बैठक’ होगी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘इंडिया गठबंधन के (घटक दलों) के संसदीय दल के नेताओं की समन्वय बैठक 6 दिसंबर 2023 को शाम छह बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के आवास पर होगी। इसके बाद पार्टी अध्यक्षों/ प्रमुख नेताओं की बैठक दिसंबर के तीसरे सप्ताह में सभी के लिए सुविधाजनक तिथि को निर्धारित करने के बाद आयोजित की जाएगी।’’
