नयी दिल्ली, विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन के नेताओं ने कहा है कि मोदी सरकार देश के लोकतंत्र को बर्बाद कर तानाशाही पर उतर आई है और उन सब सांसदों को निलम्बित कर दिया जिन्होंने संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर सरकार से सवाल पूछे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी नेता राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सीताराम येचुरी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा, द्रमुक के तिरुचि शिवा तथा गठबंधन के लगभग सभी घटक दलों के नेताओं ने संसद से सांसदों के निलंबन के खिलाफ यहां जंतर मंतर पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 में मोदी सरकार को मिलकर बाहर का रास्ता दिखाना है और देश को बचाना है इसलिए इंडी गठबंंधन का गठन किया गया है।
श्री खड़गे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, “मोदी जी और अमित शाह जी ने देश के लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने का बीड़ा उठाया हुआ है। ये लोग दलितों, मजदूरों, महिलाओं और किसानों को कुचलने का काम कर रहे हैं इसलिए हमने देश को बचाने के लिए इंडी गठबंधन बनाया है। ”
