अंडर 19 विश्व कप के इतिहास की सबसे कामयाब गत चैम्पियन भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार को अपने अभियान का आगाज करेगी तो उदय सहारन की कप्तानी में उसका लक्ष्य इस परंपरा को आगे बढ़ाने का होगा। ग्रुप ए में पांच बार की चैम्पियन भारतीय टीम पहले दौर में एशियाई प्रतिद्वंद्वी से खेलेगी। इसके बाद आयरलैंड और अमेरिका से मुकाबले होंगे। भारत ने 2002 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में पहला खिताब जीता था। उसके बाद से 2008, 2012, 2018 और 2022 में भारत चैम्पियन रहा। आईसीसी का यह टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना था लेकिन ऐन मौके पर दक्षिण अफ्रीका को मेजबानी सौंपी गई। इसमें चार समूहों में चार चार टीमें रखी गई है। हर समूह से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल आठ और छह फरवरी को जबकि फाइनल 11 फरवरी को बेनोनी में होगा।
भारतीय टीम राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में कई शिविरों के बाद यहां आई है और इसने दो ही टूर्नामेंट (एशिया कप और दक्षिण अफ्रीका में त्रिकोणीय सीरीज) खेले हैं।
एशिया कप में भारत सेमीफाइनल में हार गया जिसमें बांग्लादेश ने उसे चार विकेट से मात दी। उसके बाद हालांकि दक्षिण अफ्रीका में त्रिकोणीय सीरीज भारत ने अपराजेय रहकर जीती जिसमें अफगानिस्तान तीसरी टीम थी। फाइनल बारिश की भेंट होने से भारत और दक्षिण अफ्रीका संयुक्त विजेता रहे।
