लोकसभा चुनाव में 400 पार के नारे के साथ सियासी मैदान में उतरी बीजेपी ने अपने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है. विधानसभा चुनाव से छत्तीसगढ़ की सत्ता में वापसी के बाद अब बीजेपी की नजर छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर झंडा गाड़ने पर है. खास बात ये है कि इसके लिए प्रदेश के मुखिया सीएम विष्णु देव साय खुद जोरों शोरों से उम्मीदवारों के लिए प्रचार प्रसार कर रहे हैं. इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते है कि सीएम साय 20 मार्च से 1 मई तक छत्तीसगढ़ में 54 जनसभाएं कर चुके हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बाहर मध्यप्रदेश और ओडिशा में भी 6 आमसभाएं और रोड शो कर चुके हैं.
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन की दृष्टि से भी अगर देखें तो सीएम विष्णु देव साय ने बस्तर मे 2 सहित सभी प्रदेश की सभी 11 सीटों मे एक कार्यकर्ता सम्मेलन कर कुल बारह कार्यकर्ता सम्मेलन में अपनी उपस्थिति दी है. सामाजिक सम्मेलनों की यदि बात करें तो लगभग 23 बड़े सामाजिक सम्मेलनों को विष्णु देव साय संबोधित कर चुके हैं. मुख्यमंत्री अब तक लगभग हर विधानसभा में कम से कम एक जनसभा ली है. कुल मिलाकर चालीस दिन में 95 से ज्यादा बार उन्होंने जनता के समक्ष अपनी बात रखी है. कुल मिलाकर विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है. आत्मविश्वास से भरपूर मुख्यमंत्री सभी ग्यारह लोकसभा सीट जीतने के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे हैं.
