अक्षय तृतीया के मौके पर चार धाम यात्रा-2024 आज से शुरू हो गई है। कई सालों बाद गंगोत्री, यमुनोत्री और बाबा केदारनाथ मंदिरों के कपाट एक साथ सुबह 6:55 बजे खुल गए। जबकि बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन 12 मई से होंगे।हजारों की संख्या में श्रद्धालु केदार नगरी में पहुंचे हैं। इस दौरान जय केदार के जयकारों से केदार नगरी गूंज उठी है। मंदिर के कपाट खुलने के समय उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता धामी के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए मौजूद रहे।
आज जब केदारनाथ के कपाट खुले तब मौके पर इलाके का तापमान -1 डिग्री है. मौके पर भक्तों की भारी श्रद्धा उमड़ी हुई है हालांकि तापमान में गिरावट से उनके हौसले कम नहीं हुए हैं।
केदारनाथ धाम से 16 किमी पहले गौरीकुंड में करीब 10 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं, गौरीकुंड दो दिन से हाउसफुल है। यहां करीब 1500 कमरे हैं, जो भरे हुए हैं। रजिस्टर्ड 5,545 खच्चर बुक हो चुके हैं। तीन किमी दूर सोनपुर भी हाउस फुल है। हरिद्वार और ऋषिकेश में 15 हजार से ज्यादा यात्री पहुंच चुके हैं।
