नई दिल्ली। तपती गर्मी और मॉनसून हो रही देरी के बीच मौसम विभाग ने एक खुशखबरी दी है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के साथ-साथ, गंगा के मैदानी इलाकों में बिहार और झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं। अब जल्द ही इनसे सटे इलाकों में बारिश होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने कहा है कि एक चक्रवाती परिसंचरण निचले क्षोभमंडल में असम के ऊपर बना हुआ है। निचले क्षोभमंडल में बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर भारत तक तेज़ दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं।
आईएमडी ने कहा है कि मौसम के ताजा पैटर्न के कारण अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
