नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए चंडीगढ़ जाएंगे। यहां पीएम शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के पार्टी कार्यालय में उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आपको बता दें कि एक सप्ताह पहले मोहाली के अस्पताल में भर्ती होने के बाद मंगलवार को उनका निधन हो गया। वह 95 साल के थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बादल के निधन पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने न सिर्फ पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किए, बल्कि देश के विकास में भी बहुत योगदान दिया। केंद्र सरकार ने प्रकाश सिंह बादल के सम्मान में 26 और 27 अप्रैल को पूरे देश में दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की।
प्रकाश सिंह बादल को अस्पताल में करीब एक सप्ताह पहले सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। वह अस्पताल की अति गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती थे। प्रकाश सिंह बादल की पत्नी सुरिंदर कौर का भी देहांत हो चुका है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल उनके बेटे हैं। प्रकाश सिंह बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र सरकार ने प्रकाश सिंह बादल को 2015 में दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा, प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व दिया। बादल के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने कई दशकों तक उनके साथ निकटता से बातचीत की और उनसे बहुत कुछ सीखा।
