गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत
रायपुर, छत्तीसगढ़ | दिनांक: 25 अप्रैल 2026 (शनिवार)

रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में “गो सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत एक विशाल प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता का उद्देश्य आगामी 27 अप्रैल 2026 को समस्त तहसीलों में आयोजित होने वाले ज्ञापन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में देशभर के पूज्य साधु-संतों—गो ग्वाल संत गोपालानंद सरस्वती जी महाराज, बालयोगेश्वर रामबालक दास जी महाराज एवं श्री सुरभि दास जी महाराज—के सान्निध्य में पत्रकार बंधुओं के प्रश्नों का उत्तर दिया गया। साथ ही बड़ी संख्या में उपस्थित गो सेवक-सेविकाएं, गो पालक, समाजसेवी, समाज प्रमुख, व्यापारी वर्ग, एनजीओ प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
“गो सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत दिनांक 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को पूरे भारतवर्ष में एक साथ 5000 से अधिक तहसीलों में प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) सौंपे जाएंगे। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के 33 जिलों की 229 तहसीलों में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राजधानी रायपुर में इस अवसर पर सभी श्रद्धालु प्रातः 10:00 बजे माँ महामाया मंदिर में एकत्रित होंगे। वहां से शांतिपूर्ण भजन-कीर्तन करते हुए तहसील कार्यालय तक यात्रा निकाली जाएगी, जहाँ आम जनमानस द्वारा प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गो माता को “राष्ट्र माता” का सम्मान दिलाना तथा गो माता एवं गोवंश की सेवा, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान पूर्णतः शांतिपूर्ण, श्रद्धा एवं आस्था से प्रेरित जन-जागरण का माध्यम है, जिसमें किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन नहीं किया जाएगा, बल्कि भजन-कीर्तन एवं प्रार्थना के माध्यम से भावनाएं व्यक्त की जाएंगी।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि यह अभियान किसी एक संगठन या व्यक्ति द्वारा संचालित न होकर, साधु-संतों के मार्गदर्शन में गो सेवक-सेविकाएं, गो पालक, प्रकृति प्रेमी, समाजसेवी एवं आम नागरिकों के सामूहिक सहयोग से संचालित हो रहा है।
सभी समाचार पत्रों, चैनलों एवं वेब पोर्टल के पत्रकार बंधुओं से निवेदन है कि इस जन-जागरण अभियान में अपनी सहभागिता प्रदान करें।
गो सम्मान आह्वान अभियान – प्रार्थना यात्रा का रूट मैप:
📍 दिनांक: 27 अप्रैल 2026, प्रातः 10:00 बजे
स्थान: माँ महामाया मंदिर, रायपुर
यात्रा मार्ग:
माँ महामाया मंदिर → शीतला मंदिर → बूढ़ा तालाब → गणेश मंदिर → काली बाड़ी → नगर निगम (ओसीएम चौक) → आकाशवाणी राजभवन मार्ग → जिला अधिकारी कार्यालय (तहसील)
जहाँ जनमानस के साथ प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) प्रस्तुत किया जाएगा।
संपर्क सूत्र:
श्री भरत भाई जी महाराज
प्रवीण शर्मा
