“अनुशासन और राष्ट्रसेवा से ही बनेगा सशक्त छत्तीसगढ़” – विधायक अनुज शर्मा
खरोरा | धरसींवा विधानसभा के ग्राम मांठ में आज भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, रायपुर के जिला प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर केंद्र की आधारशिला रखी।
सेवा और संस्कार का नया ठिकाना:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र भविष्य में हमारे युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को संवर्धन देने में मील का पत्थर साबित होगा। स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सेवा के लिए समर्पित होने की नई प्रेरणा मिलेगी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का यह केंद्र हमारे युवाओं के लिए केवल एक प्रशिक्षण केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह एक ‘संस्कार शाला’ बनेगा। यहाँ से जो युवा निकलेंगे, उनके भीतर सेवा की भावना होगी, अनुशासन उनकी पहचान होगी और राष्ट्र सेवा उनके जीवन का मूल मंत्र होगा। जब हमारे युवा अनुशासित होंगे, तभी छत्तीसगढ़ और हमारा भारत सशक्त बनेगा। आज के इस दौर में जहाँ भटकाव बहुत है, स्काउट्स और गाइड्स जैसे संगठन हमें जमीन से जोड़कर रखते हैं। ग्राम मांठ में इस केंद्र का बनना पूरे रायपुर जिले के लिए गौरव का विषय है। यहाँ हमारे बच्चे प्रकृति के सानिध्य में सीखेंगे कि विषम परिस्थितियों में कैसे अडिग रहा जाता है। सेवा के पथ पर जो बढ़ते हैं, वही इतिहास रचते हैं।उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ से मिलने वाली शिक्षा युवाओं को चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक होगी।
मैं इस शुभ अवसर पर समस्त पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को हृदय से बधाई देता हूँ। आप सभी के सहयोग से यह केंद्र भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। हम सब मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें जहाँ हर युवा आत्मनिर्भर हो, स्वाभिमानी हो और देश के प्रति समर्पित हो।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा,रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, तिल्दा जनपद अध्यक्ष श्री टिकेश्वर मनहरे ,सुरेंद्र वर्मा, अनिल सोनी, सरोज चन्द्रवंशी, सुमित सेन, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
