बिलासपुर ब्रेकिंग,,,,
चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक कटिंग, आतिशबाजी और रीलबाजी… वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्शन
बिलासपुर- बिलासपुर में हाईवे पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। रतनपुर-रायपुर सर्विस रोड पर चलती स्कॉर्पियो की छत पर जन्मदिन मनाते हुए केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक युवती आतिशबाजी के बीच रील बनाती नजर आ रही है, जबकि वाहन तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रहा था।
मामला सामने आते ही कोनी पुलिस हरकत में आई और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 10 BP 3926 को जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक वाहन चालक अरविंद सैनी (31 वर्ष), निवासी कुदुदंड बिलासपुर, ने 24 मई 2026 की रात अपने दोस्तों के साथ हाईवे पर खतरनाक तरीके से बर्थडे सेलिब्रेशन किया था। चलती गाड़ी की छत पर केक काटने और पटाखे जलाने से यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ।
थाना कोनी पुलिस ने चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार हाईवे पर इस तरह के स्टंट और रीलबाजी से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है, जिस पर पुलिस अब सख्त नजर आ रही है।
