छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के चेयरमैन श्री अनुराग सिंहदेव आज अंबिकापुर में आयोजित स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांतीय विचार एवं अभ्यास वर्ग के समापन समारोह में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर प्रांत भर से आए कार्यकर्ताओं, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी अर्थव्यवस्था एवं स्थानीय रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
स्वावलंबी भारत अभियान छत्तीसगढ़ प्रांत सह समन्वयक संजय चौबे ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्री अनुराग सिंहदेव के साथ सरगुजा अंचल के युवाओं के लिए स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम स्थापित करने, स्वरोजगार के अवसर विकसित करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत एवं सारगर्भित चर्चा हुई।
चर्चा में यह विचार प्रमुखता से सामने आया कि सरगुजा क्षेत्र में कृषि, वनोपज, पर्यटन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल सेवाएं एवं नवाचार आधारित उद्यमों की अपार संभावनाएं हैं। यदि युवाओं को उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता एवं विपणन सहयोग उपलब्ध कराया जाए तो यह क्षेत्र स्टार्टअप एवं रोजगार सृजन का एक सशक्त केंद्र बन सकता है।
स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के पदाधिकारियों ने भी युवाओं को “नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला” बनाने की दिशा में संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
“स्थानीय संसाधन, स्थानीय कौशल और स्थानीय उद्यमिता ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।”
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, स्वदेशी चिंतन और युवा उद्यमिता के संकल्प के साथ हुआ।
