रायपुर। पिछले एक महीने से चल रहा अधिकमास आखिरकार खत्म हो चुका है। इसे मलमाल भी कहा जाता है, जो हर तीन साल में एक बार आता है और इस दौरान सभी शुभ कार्यों पर ब्रेक लग जाता है। ऐसे में मलमास खत्म होने के साथ ही एक बार फिर शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने 19 जून से होने जा रही है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस बार विवाह के बंधन में बंधने के लिए परिवारों को बहुत ही सीमित समय मिल रहा है। 19 जून से शुरू होकर महीने के आखिर तक कुल 9 बहुत ही शुभ मुहूर्त बन रहे हैं। यानी जिन परिवारों में शादी होनी है, उन्हें इसी कम समय में अपने सारे आयोजन निपटाने होंगे।
जून 2026 में शादियों के लिए ये तारीखें बेहद उत्तम और शुभ मानी गई हैं: 19, 20, 23, 24, 25, 26, 27, 28 और 29 जून। इन पावन तिथियों में फेरे लेना दूल्हा-दुल्हन के वैवाहिक जीवन के लिए बहुत ही सुखद और मंगलकारी रहने वाला है। जून के बाद जुलाई में भी 12 तारीख तक ही शादी के मुहूर्त है और इस वेडिंग सीजन के तुरंत बाद, शुभ कार्यों पर एक बार फिर से चार महीने का लंबा ब्रेक लग जाएगा। 25 जुलाई से चातुर्मास की शुरुआत हो रही है, जो 21 नवंबर तक चलेगा। इन चार महीनों में भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और पाताल लोक में विश्राम करते हैं। चूंकि सृष्टि के कर्ता-धर्ता इस समय विश्राम में होते हैं, इसलिए इस अवधि में शादी, मुंडन या नया घर खरीदना सही नहीं माना जाता है।
