अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध होगी वैधानिक कार्रवाई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए 9 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया है। खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़नदस्ता दल द्वारा मरवाही क्षेत्र के चीचगोहना, मड़वाही, कुम्हारी एवं मरिहीघाट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 5 एवं मुरुम से भरे 1 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ थाना मरवाही में रखा गया है। इसी प्रकार अमेराटिकरा एवं मौहारिटिकरा क्षेत्र से एक-एक ट्रैक्टर वाहन जब्त कर पुलिस चौकी कोटमी में सुरक्षार्थ रखा गया है। इसके अतिरिक्त खंता-लालपुर क्षेत्र से रेत से भरे एक ट्रैक्टर वाहन को जब्त कर नगर सैनिक लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा सभी जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि संबंधित खनिज मद में जमा कराए जाने के उपरांत ही वाहनों को मुक्त किया जाएगा। कलेक्टर ने खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सतत निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा खनिज संपदा के संरक्षण, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा खनिज नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
