रायपुर। नागपुर से निकली वंदे भारत ट्रेन रायपुर पहुंच चुकी है. इससे पहले भिलाई स्टेशन से गुजरी तेज गति से चलने वाले वंदे भारत को देखने के लिए लोगों में भारी उत्साह दिखाई दी.
वही वंदेभारत एक्सप्रेस का राजनांदगांव में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। ट्रेन के स्वागत के लिए आम और खास वर्ग के लोगों का स्टेशन में जमावड़ा रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह नागपुर से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर बिलासपुर रवाना किया। देश में वंदेभारत ट्रेन की यह छठवीं ट्रेन है। छत्तीसगढ़ के लिए वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत होने से भाजपा काफी उत्साहित है। स्थानीय स्टेशन में ट्रेन का स्वागत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, पूर्व सीएम रमन सिंह विशेषतौर पर मौजूद थे। दोनों नेताओं ने ट्रेन के भीतर जाकर अंदरूनी बनावट को देखा। वहीं ट्रेन में सफर कर रहे लोगों से उनका अनुभव जाना।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मौजूदगी देखकर यात्रियों ने सेल्फी भी ली। इससे पहले स्थानीय स्टेशन में ट्रेन का स्वागत करने जिलेभर के भाजपा नेताओं का जमावड़ा रहा। अलग-अलग क्षेत्रों से लोग स्वागत करने पहुंचे। ट्रेन की बनावट को देखने के लिए लोग स्टेशन परिसर और रेल्वे ब्रिज में खड़े नजर आए। इस बीच ट्रेन के चालक से भाजपा नेताओं ने बातचीत की। पूर्व सीएम रमन सिंह और अन्य नेता ट्रेन की अंदरूनी व्यवस्था से काफी प्रभावित हुए। बताया जा रहा है कि यह ट्रेन नागपुर-बिलासपुर के बीच सफर के लिहाज से काफी सुविधाजनक होगी। इस ट्रेन में सफर करने से दूरी और समय में कमी आएगी। इधर स्थानीय स्टेशन परिसर में भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए।
