बिलासपुर से नागपुर के बीच शुरू हुई वंदेभारत एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को सूचना तक नहीं दी गई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को खुद इसका खुलासा किया। उन्होंने कहा, भारत सरकार के रेल विभाग ने छत्तीसगढ़ में ऐसा दूसरी बार किया है। iअंतागढ़ से ट्रेन संचालन की सूचना भी उनको नहीं दी गई थी।
Quiz banner
वंदेभारत उद्घाटन की CM को सूचना तक नहीं:मुख्यमंत्री ने कहा- निमंत्रण नहीं दिया कोई बात नहीं..ऐसा मेरे साथ दूसरी बार किया
रायपुरएक दिन पहले
मुख्यमंत्री मंगलवार को महासमुंद जाने से पहले पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
बिलासपुर से नागपुर के बीच शुरू हुई वंदेभारत एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को सूचना तक नहीं दी गई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को खुद इसका खुलासा किया। उन्होंने कहा, भारत सरकार के रेल विभाग ने छत्तीसगढ़ में ऐसा दूसरी बार किया है। अंतागढ़ से ट्रेन संचालन की सूचना भी उनको नहीं दी गई थी।
भेंट-मुलाकात के लिए महासमुंद रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री रायपुर हेलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वंदे-भारत पर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा, जब ट्रेन छत्तीसगढ़ से शुरू हुई तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को निमंत्रण तो दे देते। आप नागपुर से शुरू किये यह अच्छी बात है।
– Dainik Bhaskar
रेल विभाग ने अभी अंतागढ़ से ट्रेन शुरू किया तब भी मुझे कोई सूचना नहीं दी गई। छत्तीसगढ़ से ही ट्रेन शुरू हो रही है नागपुर जा रही है, उसमें भी कोई सूचना नहीं है। भारत सरकार का एक विभाग है रेल। वह जिस प्रदेश से रेल चला रहा है, उस प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक सूचना तक नहीं दे रहा है। कार्ड छपवाना तो दूर की बात है। सूचना तक देना मुनासिब नहीं समझा। यह एक बार नहीं है, ऐसा दूसरी बार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, वंदे भारत शुरू हुआ है। प्रदेश को सौगात दिया है प्रधानमंत्री ने। लेकिन किराया इतना अधिक है कि आम आदमी इसमें चढ़ नहीं सकता उसमें। बड़े लोग चढ़ेंगे उसमें, पइसे वाला लोग चढ़ेंगे। जो मध्यम वर्गीय लोग, गरीब लोग हैं, लोवर मीडिल क्लास के हैं वे जिन ट्रेनों में यात्रा करते थे उसे तो बंद कर दिया।
– Dainik Bhaskar
सीएम ने आगे कहा कि 30-30-40 ट्रेन तो महीनों बंद रही। तब सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। एक ट्रेन शुरू हो गई तो पूरे छत्तीसगढ़ को सर पर उठा लिया। हम भी बधाई देते हैं, अच्छा है। एक नहीं 10 चले। पहली बात तो किराया कम होना चाहिए और दूसरी बात यह है कि जो 40 ट्रेनें बंद हुई हैं उसपर इनके सांसद चुप क्यों हैं। इतने दिनों तक चुप क्यों रहे। हमारे लोग मांग करते रहे लेकिन सांसद अरुण साव एक शब्द नहीं बोले। राजनांदगांव के सांसद भी एक शब्द नहीं बोले और न रमन सिंह ने कुछ कहा।
बसना विधानसभा में पहुंचे हैं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात के लिए बसना विधानसभा के पिथौरा तहसील स्थित ग्राम गोपालपुर पहुंचे हैं। उनके साथ गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, बसना विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह और सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद भी हैं। मुख्यमंत्री इस विधानसभा क्षेत्र के दो गांवों में चौपाल लगाएंगे।
– Dainik Bhaskar
एक दिन पहले ही ‘वंदेभारत’ का ग्रैंड वेलकम
सोमवार को वंदेभारत ट्रेन का राजनांदगांव पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ था। यहां पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद संतोष पांडेय ने वंदे भारत ट्रेन का स्वागत किया। इस मौके पर भारी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। वंदे भारत ट्रेन के यहां पहुंचने पर लोगों ने जमकर ढोल बजाए। ट्रेन पर फूल भी बरसाए गए। वंदे भारत ट्रेन शनिवार को छोड़कर बाकी सभी दिनों में चलेगी। ये ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया और नागपुर के बीच चलेगी।
– Dainik Bhaskar
लोगों ने ट्रेन में चढ़कर उसके साथ सेल्फी भी ली। लोगों का उत्साह इस दौरान देखते ही बन रहा था। इससे पहले आज 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये देश की छठी वंदे भारत ट्रेन है। यह ट्रेन नागपुर से बिलासपुर के बीच चलेगी। इस दौरान लोक कलाकारों के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने ढोल भी बजाया।
नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन तक चलेगी। यह यात्रा 6 घंटे में पूरी होगी। इससे पहले, अक्टूबर में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। सरकार का लक्ष्य अगले साल तक 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने का है।
लोग बोले-ये प्लेन का सफर
उधर राजनांदगांव के बाद ट्रेन दुर्ग स्टेंशन पर पहुंची, जहां भाजपा नेताओं समेत तमाम लोगों ने स्वागत किया। भास्कर की टीम ने दुर्ग स्टेशन से भिलाई पावर हाउस तक इस ट्रेन का सफर किया। प्लेन में एयर होस्टेस की तरह इस ट्रेन में लड़कियां मौजूद रहेंगी जो यात्रियों को खाना और नाश्ता पानी देंगी। ट्रेन में सेंसर युक्त दरवाजे लगे हैं। गोंदिया से बिलासपुर जा रहे एक यात्री ने बताया कि इस ट्रेन में बैठकर ऐसा लग रहा है मानो आप हवाई जहाज की यात्रा कर रहे हो। ट्रेन के अंदर का इंटीरियर भी उसी तरह से बनाया गया गया है। मेट्रो की तर्ज पर ट्रेन हर स्टेशन पर बताएगी की आप किस स्टेशन में पहुंचे और अगला स्टेशन क्या आने वाला है। पढ़ें पू्री खबर
देश की सबसे तेज चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के लिए रेलवे ने शेड्यूल जारी कर दिया था। इसमें टिकट रिजर्वेशन भी शनिवार से शुरू हो गया था। IRCTC ने चेयरकार और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए अलग-अलग किराया तय किया है, जो सामान्य ट्रेनों से चार गुना अधिक किराया है। ट्रेन में चेयरकार का बिलासपुर से नागपुर का किराया AC II के बराबर 1070 रुपए तय किया है। वहीं एग्जीक्यूटिव क्लास में बिलासपुर से नागपुर तक सफर तय करने के 2045 रुपए है। इसी तरह वंदेभारत ट्रेन में बिलासपुर से रायपुर तक चेयरकार के लिए 470 और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 905 रुपए किराया तय किया गया है। यात्रियों को बिलासपुर से दुर्ग के लिए 635 और 1155, बिलासपुर से राजनांदगांव के लिए 690 और 1265, बिलासपुर से गोंदिया के लिए 865 और 1620 रुपए खर्च करने होंगे।
– Dainik Bhaskar
रेलवे ने जारी किया था शेड्यूल
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 12 दिसंबर से शुरू होगा। रेलवे ने टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। इस ट्रेन का नंबर 20825/20826 है और 10 दिसंबर से इसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है। इस ट्रेन पर अब सियासी बयान सामने आने शुरू हो गए हैं। कांग्रेस सरकार के मंत्री अमरजीत भगत ने इस मामले में भाजपा नेताओं पर सवाल खड़े किए हैं। मंत्री अमरजीत भगत ने कहा- वंदे भारत ट्रेन का प्रदेश में जगह-जगह स्वागत हो रहा है, अच्छी बात है स्वागत होना चाहिए। भाजपा के लोग स्वागत में हिस्सा ले रहे हैं, सांसद-विधायक सब जा रहे हैं स्वागत करने। इस ट्रेन को चलाने के लिए तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। दूसरी तरफ सैंकड़ों ट्रेन हर रोज कैंसल हो रही हैं, लोग प्लेटफॉर्म पर ही रात बिताने को मजबूर हैं। दर-दर भटकना पड़ रहा है यात्रियों को इसकी जिम्मेदारी भी लें, रद्द ट्रेनों की भी नैतिक जिम्मेदारी BJP के सांसदों विधायकों को लेनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर
देश की सबसे तेज ट्रेन
वंदेभारत ट्रेन भारत में सबसे तेज चलनी वाली गाड़ी है। यह ट्रेन सिर्फ 52 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड पकड़ लेती है। फिलहाल इसे रेलवे 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चला रही हैं, जिसे 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक ले जाने का प्लान है। यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित और इसमें ऑटोमेटिक गेट लगे हैं। इस ट्रेन में सिक्योरिटी के लिहाज से सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। इस ट्रेन के लगेज रैक में एलईडी डिफ्यूज लाइट्स लगी हैं, जो अक्सर विमानों में लगी होती हैं।
– Dainik Bhaskar
यह गाड़ी बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे छूटकर 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। वहां से 2.05 बजे दोपहर में रवाना होकर 7.35 बजे वापस बिलासपुर पहुंचेगी। संभावित टाइम टेबल के अनुसार सुबह 8.6 बजे रायपुर, 8.47 बजे दुर्ग, 10.35 बजे गोंदिया और 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। फिर नागपुर से दोपहर 2.5 बजे रवाना होकर 3.46 बजे गोंदिया, 5.30 बजे दुर्ग, 6.8 बजे रायपुर और 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
