होशियारपुर: होशियारपुर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मंगलवार को एक व्यक्ति राहुल गांधी की ओर दौड़कर आया और उन्हें गले लगाने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ चल रहे पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख अमंरिदर सिंह राजा वंडिग ने उसे वहां से हटा दिया। पुलिस महानिरीक्षक जी. एस. ढिल्लों ने बताया कि गांधी ने खुद उस व्यक्ति को बुलाया था और सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है। वंडिग ने भी कहा कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है और वह व्यक्ति गांधी का एक उत्साही समर्थक था। इस घटना के वीडियो में जैकेट पहने व्यक्ति को राहुल गांधी की ओर दौड़ते और उन्हें गले लगाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। व्यक्ति ने गांधी को जैसे ही गले लगाने की कोशिश की, तभी उनके साथ चल रहे कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमंरिदर सिंह राजा वंडिग और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने उसे रोककर पीछे धकेल दिया। पुलिस महानिरीक्षक ढिल्लों ने कहा, ‘‘ मैंने तथ्य खंगाले हैं। राहुल जी ने खुद उसे बुलाया और फिर उसने उन्हें गले लगाने की कोशिश की। इसके बाद राजा वंडिग ने उन्हें पीछे धकेल दिया क्योंकि यात्रा एक गति से चलती है और इससे उसकी गति बाधित हो रही थी।’’ उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ सामने नहीं आया जिससे सुरक्षा में चूक होने के संकेत मिले। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कड़ाके की ठंड के बीच गांधी के नेतृत्व में मंगलवार को सुबह पंजाब के टांडा से आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान मुकेरियां में रात्रि विश्राम किया जाएगा। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होगी, जहां राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में तिरंगा फहराएंगे।
