नई दिल्ली. ईडन गार्डन्स के मैदान पर चार साल बाद मैच खेल रही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने गुरुवार रात ना तो अपने फैंस को निरशा किया और ना ही टीम के सह मालिक शाहरुख खान को। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ हुए इस मुकाबले को टीम ने 81 रनों से अपने नाम कर टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की। केकेआर की इस जीत के बाद किंग खान जश्न के लिए ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों के साथ इकट्ठा हुए और सबने मिलकर टीम का एनथम सॉन्ग गाया।
जश्न के दौरान सभी खिलाड़ी रिंकू सिंह को इस एनथम सॉन्ग को गाने के लिए कह रहे थे, मगर ज्यादा इंग्लिश होने के कारण रिंकू कतरा रहे थे। तभी शाहरुख खान ने उनका हौसला बढ़ाया और सभी ने साथ मिलकर इस गाने को गाया।
बात केकेआर बनाम आरसीबी मुकाबले की करें तो, बैंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शार्दुल ठाकुर और रहमतुल्लाह गुरबाज के अर्धशतकों की मदद से आरसीबी के सामने जीत के लिए 205 रनों का लक्ष्य रखा था। इस दौरान रिंकू सिंह ने भी 46 रनों की शानदार पारी खेली थी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बैंगलोर की पूरी टीम 17.4 ओवर में 123 रनों पर ढेर हो गई और केकेआर ने यह मैच 81 रनों के अंतर से जीता। कोलकाता की इस जीत के हीरो शार्दुल ठाकुर रहे जिन्होंने 7वें नंबर पर आकर 68 रनों की धुआंधार पारी खेली और साथ ही गेंदबाजी में 1 विकेट भी चटकाया। उनको इस ऑलराउंड परफॉर्मेंस के चलते प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
