रायपुर | 19 सितम्बर 2025
“अब कोई भी माँ प्रसव के दौरान अपनी जान न गंवाए” – इसी संकल्प के साथ राजधानी रायपुर में मातृ मृत्यु दर में कमी लाने हेतु दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सरकार लगातार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। भारत सरकार की SRS रिपोर्ट (2021-23) के अनुसार राज्य में मातृ मृत्यु अनुपात में वृद्धि चिंता का विषय है। इसी पृष्ठभूमि में गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रोकथाम योग्य मातृ मृत्यु को कम करने के उद्देश्य से यह कार्यशाला आयोजित हुई।
इस कार्यशाला का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का संचालन आयुक्त सह-संचालक, स्वास्थ्य सेवाएँ, डॉ. प्रियंका शुक्ला के मार्गदर्शन और यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के तकनीकी सहयोग से किया गया।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि “मातृ मृत्यु दर में कमी लाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य की असली शक्ति हमारी महिलाएँ हैं और हर माँ की सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
कार्यशाला में 30 उच्च मातृ मृत्यु दर वाले विकासखंडों से खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO), लेडी हेल्थ विजिटर (LHV) और महिला एवं बाल विकास विभाग से बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) शामिल हुए। इस अवसर पर मातृ मृत्यु के प्रमुख कारणों की समीक्षा, संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने, एएनसी कवरेज बढ़ाने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और प्रसवोत्तर देखभाल को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के चीफ फील्ड ऑफिसर श्री हेनरी विलियम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के इन 30 ब्लॉकों में दर्ज उच्च मातृ मृत्यु दर चिंता का विषय है, और यूनिसेफ डेटा, क्षमता निर्माण और नवाचारों के जरिए निरंतर सहयोग करता रहेगा।
कार्यशाला में जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने अपनी चुनौतियाँ और अनुभव साझा किए तथा मातृ मृत्यु को कम करने के लिए ठोस कार्ययोजनाएँ तैयार कीं।
अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने आशा व्यक्त की कि “छत्तीसगढ़ की महतारी, हम सबकी जिम्मेदारी” अभियान के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव आएगा और राज्य निश्चित रूप से मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में सफल होगा।
