उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित, कृषकों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
रायपुर, 15 नवंबर 2025/ जिले में आज समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। जिले के प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के धान खरीदी केंद्रों में सुबह से ही किसानों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
किसानों की सुविधा के लिए पीने के पानी, नाश्ता, विश्राम केंद्र, बैठने की व्यवस्था और फर्स्ट एड सहित सभी आवश्यक इंतजाम पहले ही कर लिए गए थे। केंद्रों में पहुंचने पर किसानों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा परंपरागत रूप से तराजू की पूजा भी कराई गई। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण किया गया, जिससे खरीदी प्रारंभ का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया।
जिले के विधायक एवं जनप्रतिनिधि विभिन्न केंद्रों पर पहुंचे और किसानों से संवाद कर उनके उत्साह को बढ़ाया। किसानों ने खरीदी केंद्रों में की गई व्यवस्थित और सुचारू व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिले के उपार्जन केंद्रों में आज शाम तक 2186 क्विंटल धान की खरीदी की गई।
