कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयरधारकों के लिए दिवाली से पहले अच्छी खबर आई है। इसका असर आज शेयरों पर भी देखने को मिल रहा है। वोडाफोन आइडिया के शेयरों में गुरुवार को तूफानी तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में वोडाफोन आइडिया के शेयर 2.5 प्रतिशत बढ़कर 14.01 रुपये पर पहुंच गए। बता दें कि एक समय पर इस कंपनी के शेयर 120 रुपये तक के भाव पर पहुंच गए थे।
क्या है मामला
दरअसल, बॉम्बे हाईकोर्ट ने आयकर विभाग को 2016-17 में वोडाफोन आइडिया द्वारा भुगतान किए गए 1,128 करोड़ रुपये वापस करने का निर्देश दिया है। यह रकम 30 दिन में लौटाने होंगे। अदालत में वोडाफोन आइडिया ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के खिलाफ याचिका दायर की थी। इसी याचिका के आधार पर कोर्ट ने टेलीकॉम कंपनी को राहत दी है। जस्टिस के.आर श्रीराम और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने माना है कि फेसलेस एसेसिंग ऑफिसर (एफएओ) ने लापरवाही की। ऐसे में आदेश को लागू नहीं किया जा सकता है। अदालत ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच की भी सिफारिश की है।
कैसे थे तिमाही नतीजे
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में वोडाफोन आइडिया का घाटा बढ़कर 8,737.9 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में उसे 7,595.5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी को परिचालन से होने वाला राजस्व जुलाई-सितंबर तिमाही में 10,716.3 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर बना रहा। पिछले साल की समान अवधि में इसने 10,655.5 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया था। वोडाफोन आइडिया अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद कर्ज के बोझ से निकल पाने में नाकाम रही है। इसका असर परिचालन क्षमताओं पर भी देखा गया है।
